दिग्गज टेक कंपनी Oracle ने एक बार फिर आईटी जगत में हलचल मचा दी है। कंपनी ने कैलिफोर्निया और सिएटल स्थित अपने दफ्तरों से लगभग 1200 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि कर्मचारियों को इसकी जानकारी सुबह 6 बजे एक संक्षिप्त ईमेल के जरिए मिली, जिसमें लिखा था— “आज आपका आखिरी कार्य दिवस है।”
कहां और कितनी हुईं छंटनी?
कैलिफोर्निया के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, जून की शुरुआत तक प्रभावित कर्मचारी अपनी भूमिकाएं छोड़ देंगे। प्रमुख शहरों में छंटनी का विवरण इस प्रकार है:
-
रेडवुड सिटी: 310 कर्मचारी
-
सांता क्लारा: 184 कर्मचारी
-
प्लीजेंटन: 158 कर्मचारी
-
सांता मोनिका: 50 कर्मचारी
-
सिएटल: 491 कर्मचारी
क्या 30,000 और नौकरियां खतरे में हैं?
यह छंटनी केवल शुरुआत हो सकती है। TD Cowen के विश्लेषकों ने अनुमान जताया है कि ऑरेकल अपने AI इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए भारी निवेश कर रहा है। इस फंड को जुटाने के लिए कंपनी अपनी संपत्तियां बेच सकती है और लगभग 30,000 कर्मचारियों की कटौती कर सकती है।
H-1B वीजा और बढ़ता विवाद
एक तरफ जहां कंपनी छंटनी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ H-1B वीजा आवेदन को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। फेडरल डेटा के मुताबिक:
-
Oracle ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 3,126 H-1B याचिकाएं दायर की हैं।
-
सिर्फ 2026 में अब तक 436 याचिकाएं दायर की जा चुकी हैं। आलोचकों का तर्क है कि एक तरफ अमेरिकी कर्मचारियों को निकाला जा रहा है और दूसरी तरफ विदेशी कामगारों को नियुक्त किया जा रहा है, जो स्थानीय रोजगार के लिए चिंता का विषय है।
AI और बदलता रोजगार बाजार
2026 के पहले तीन महीनों में ही टेक सेक्टर में 52,000 से ज्यादा नौकरियां जा चुकी हैं। कंपनियां अब पारंपरिक भूमिकाओं के बजाय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं, जिससे रोजगार के पुराने पैटर्न पूरी तरह बदल रहे हैं।
